रायपुर, 15 सितम्बर 2025( नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों को अब सरकार ने कड़ा संदेश दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी सीएमएचओ को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 16 सितंबर तक सभी हड़ताली कर्मचारी अपनी ड्यूटी जॉइन करें। सरकार ने चेतावनी दी है कि जो कर्मचारी तय समय सीमा तक काम पर नहीं लौटेंगे, उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी और उनकी जगह नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में एनएचएम कर्मचारी नियमितीकरण सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 28 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी मांगों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही। नाराज कर्मचारी अब राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने और राजधानी में बड़ी रैली निकालने की तैयारी कर रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि कर्मचारियों की पांच प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है, लेकिन हड़ताली कर्मचारी लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के बयान से कर्मचारियों में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है।