कोरबा, 09 सितम्बर (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 10 सितम्बर को प्रस्तावित दौरे से पहले ही कोरबा में NHM स्वास्थ्यकर्मियों का विरोध तेज़ हो गया है। मंगलवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ की जिला इकाई ने अनोखे अंदाज़ में अपनी आवाज़ बुलंद की।
कर्मचारी बड़ी संख्या में हसदेव नदी के पानी में उतरकर ‘जल सत्याग्रह’ करते नज़र आए। इसके बाद उन्होंने ‘मनोकामना रैली’ निकालकर मां सर्वमंगला को चुनरी अर्पित की और सरकार से अपनी लंबित मांगों के समाधान की प्रार्थना की।
स्वास्थ्यकर्मियों का मानना है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले इस तरह का विरोध प्रदर्शन सरकार को उनकी ओर ध्यान देने के लिए मजबूर करेगा। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि जब तक उनकी जायज़ मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में वेतन विसंगति दूर करना, नियमितीकरण और अन्य सेवा-संबंधी सुविधाएं शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से आंदोलन और ज्ञापन के बावजूद उनकी समस्याएं जस की तस हैं, इसलिए अब वे शांतिपूर्ण मगर प्रतीकात्मक तरीके से संघर्ष को आगे बढ़ा रहे हैं।