कोरबा 03 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर पताढ़ी के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा की ओर से आ रहा एक ट्रेलर वाहन गलत दिशा में चल रहा था। इसी दौरान चांपा की ओर से आ रहे प्याज से लदे मालवाहक वाहन से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना में प्याज से लदे वाहन का चालक कैबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलने पर टोल नाका की राहत टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गैस कटर की सहायता से कैबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
वहीं ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया और आवागमन सामान्य कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी और एक वाहन गलत दिशा में चल रहा था, जिसके चलते यह भीषण हादसा हुआ।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घायल चालक का इलाज जारी है। मृत चालक के वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है। मालिक के आने के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल जारी है।

