BILASPUR: ब्रेकअप के गुस्से में गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड की चाकू मारकर हत्या, इंस्टाग्राम से शुरू हुआ था प्रेम संबंध

 


बिलासपुर 04 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। ब्रेकअप से नाराज एक युवती ने अपने बॉयफ्रेंड की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। आरोपी रोशनी सूर्यवंशी (22) मंगलवार सुबह कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25) से मिलने उसके घर पहुंची थी। दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर युवती ने युवक के सीने पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, दोनों की दोस्ती करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन कुछ समय से उनके रिश्ते में विवाद चल रहा था। युवक ने ब्रेकअप के बाद युवती को कॉल और मैसेज पर ब्लॉक कर दिया था, जिससे नाराज होकर युवती युवक से मिलने पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि युवक सिविल लाइन क्षेत्र के शुभम विहार स्थित शिक्षक कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर होटल में काम करता था। घटना के दौरान युवती ने युवक से मोबाइल दिखाने को कहा, जिस पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान युवती ने चाकू से हमला कर दिया।

झगड़े की आवाज सुनकर रूम पार्टनर बाहर आया और युवक को खून से लथपथ देख शोर मचाया। आसपास के लोगों की मदद से युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का केस दर्ज कर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2