KORBA: एकतरफा आशिक का खौफनाक कदम — युवती के पिता पर चलाई गोली, आरोपी गिरफ्तार

 


कोरबा 19 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के बालको थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दोन्दोरो के आश्रित ग्राम संगम नगर में गुरुवार देर रात एकतरफा प्रेम का मामला अचानक हिंसक हो गया। एक युवक ने शादी का दबाव बनाते हुए युवती के पिता पर फायर कर दिया। राहत की बात यह रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक, संगम नगर निवासी  लखन साहू की नाबालिग बेटी से बालको नगर के इंदिरा नगर निवासी 22 वर्षीय साहिल मासी एकतरफा प्रेम करता था। परिजनों का आरोप है कि वह लंबे समय से युवती का पीछा करता था और उसे रास्ते में परेशान करता था। इस संबंध में युवती के पिता द्वारा पहले भी बालको थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।

बताया गया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे साहिल युवती के घर पहुंचा और परिजनों पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा। पिता द्वारा मना करने पर वह भड़क गया और कथित रूप से जबरदस्ती करने लगा। इसी दौरान उसने अपने पास मौजूद बंदूक से लखन साहू पर गोली चला दी। हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी और वे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके पास से हथियार जब्त कर लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार लाइसेंसी था या अवैध।

पुलिस ने कहा है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2