कोरबा 4 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। तुमान की पावन भूमि 6 मार्च से 13 मार्च तक पूर्णतः भक्तिमय वातावरण में डूबी नजर आएगी। श्री वैष्णव निकुंज निवास, तुमान में दिव्य श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर व्यापक उत्साह देखा जा रहा है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में सहभागिता की तैयारी कर रहे हैं।
इस सात दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव में भगवान श्री कृष्ण के अवतरण से लेकर उनकी बाल लीलाओं, गोपी प्रेम, धर्म स्थापना और भक्तों पर कृपा के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। कथा का उद्देश्य केवल श्रवण मात्र नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों, संस्कारों और भक्ति मार्ग की ओर प्रेरित करना है।
कथा वाचन का दायित्व प्रसिद्ध कथावाचक पंडित बलराम प्रसाद पाण्डेय जी निभाएंगे, जिनकी मधुर शैली और आध्यात्मिक व्याख्या श्रोताओं को भावविभोर कर देती है। यज्ञ आचार्य के रूप में अखिलेश जी महाराज सोन लोहर्शी एवं संगीत मे सीमा मानस पार्टी संतोष महेत्तर ललित की गरिमामयी उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ एवं हवन संपन्न होंगे।
दैनिक कार्यक्रम
👉 प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक – पूजन, हवन, संकीर्तन, तुलसी परिक्रमा एवं आरती
👉 दोपहर 3 बजे से – पूज्य महाराज जी द्वारा भागवत कथा श्रवण
आयोजन स्थल को आकर्षक सजावट और आध्यात्मिक परिवेश से सुसज्जित किया जाएगा, जहाँ भजन-कीर्तन की स्वर लहरियाँ निरंतर गूंजती रहेंगी। श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और प्रभु कृपा प्राप्त करने का विशेष अवसर रहेगा।
इस धार्मिक महोत्सव के आयोजक श्री बलराम वैष्णव एवं संजू वैष्णव (तुमान) द्वारा समस्त क्षेत्रवासियों को सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का सादर आमंत्रण दिया गया है।
6 मार्च से प्रारंभ होने वाला यह भक्ति महोत्सव तुमान को एक सप्ताह तक आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित कर देगा।

