CG: कांग्रेस ने फिर से फूलो देवी नेताम पर जताया भरोसा, दूसरी बार बनाया राज्यसभा का उम्मीदवार

 

रायपुर 5 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ में पार्टी की वरिष्ठ नेता और मौजूदा राज्यसभा सदस्य फूलो देवी नेताम पर एक बार फिर अपना भरोसा जताया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को यह जानकारी दी। राज्य के पांच राज्यसभा सदस्यों में से कांग्रेस के कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल नौ अप्रैल, 2026 को खत्म होने वाला है।

कोंडागांव की हैं फूलो देवी नेताम

राज्य से अन्य राज्यसभा सदस्य कांग्रेस की रंजीत रंजन और राजीव शुक्ला तथा भाजपा के देवेंद्र प्रताप सिंह हैं। वरिष्ठ आदिवासी नेता फूलो देवी नेताम पर पार्टी ने लगातार दूसरी बार अपना भरोसा जताया है। फूलो देवी नेताम मूल रूप से कोंडागांव जिले की निवासी हैं। पार्टी ने 2020 में उन्हें राज्यसभा भेजा था। उनका कार्यकाल इस वर्ष अप्रैल में समाप्त हो रहा है।

किसके पास कितने विधायक

विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर भाजपा और कांग्रेस के एक-एक उम्मीदवार राज्यसभा जा सकते हैं। विधानसभा के अधिकारियों ने बताया कि राज्यसभा चुनाव के लिए पांच मार्च तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकते हैं। छह मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा नौ मार्च तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा तथा उसी दिन शाम पांच बजे मतगणना शुरू होगी। छत्तीसगढ़ में आज दोनों ही पार्टी के उम्मीदवार नामांकन करेंगे। 2023 के विधानसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद इस बार कांग्रेस को एक सीट का नुकसान हो रहा है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2