कोरबा 28 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। पोड़ी बहार क्षेत्र में स्थित ठाकुर देव स्थल के पीछे वन विभाग की नर्सरी भूमि पर मंगलवार को भीषण आग लगने की घटना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लापरवाही से फेंकी गई जलती सिगरेट या तीली के कारण आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटें तेजी से फैलते हुए नजदीकी आवासीय क्षेत्र की ओर बढ़ने लगीं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत डायल 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
सूत्रों के मुताबिक, ठाकुर देव मैदान में अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जहां सिगरेट और शराब जैसी गतिविधियां होती रहती हैं। इसी तरह की लापरवाही के चलते इस घटना के होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गनीमत रही कि आग समय रहते बुझा दी गई, जिससे आसपास के घरों तक आग नहीं पहुंची और किसी भी प्रकार का बड़ा आर्थिक नुकसान या जनहानि नहीं हुई।
अपील:
यदि कहीं भी आग लगने की घटना होती है, तो तुरंत अग्निशमन विभाग या डायल 112 पर संपर्क करें।
अग्निशमन कंट्रोल रूम नंबर: 07759-226922
इस नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर रखें, ताकि आपात स्थिति में तुरंत मदद ली जा सके।

