पेंडरवा जघन्य हत्याकांड: सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर रज़ा यूनिटी फाउंडेशन ने राज्यपाल-सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

 

कोरबा, 03 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रत्नपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेंडरवा में हुई जघन्य हत्या और मारपीट की घटना को लेकर सामाजिक संगठन रज़ा यूनिटी फाउंडेशन ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। संगठन ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में बताया गया है कि 1 अप्रैल 2026 को ग्राम पेंडरवा में एक बेहद दर्दनाक और अमानवीय घटना घटी, जिसमें बुजुर्ग महिला मुराद बी (मुराद बेगम) की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि उनके पुत्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोप है कि आरोपी सुरेश श्रीवास अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित के घर में घुसे और धारदार हथियारों से हमला किया।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है। संगठन का कहना है कि पीड़ित परिवार द्वारा पहले भी आरोपियों की धमकियों की शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते यह गंभीर घटना घटित हुई।

रज़ा यूनिटी फाउंडेशन ने अपने ज्ञापन में प्रशासन से कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं, जिनमें मुख्य रूप से सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, हत्या सहित गंभीर धाराओं में कड़ी कार्रवाई, उच्चस्तरीय जांच (एसआईटी) कराना, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान करना, घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था तथा प्रशासनिक लापरवाही की जांच शामिल है।

संगठन ने यह भी मांग की है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ठोस कदम उठाए। इस गंभीर मामले में शीघ्र न्याय सुनिश्चित कर पीड़ित परिवार को राहत दिलाए जाए तथा समाज में कानून पर विश्वास कायम रखा जाएगा।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2