सक्ती, 04 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में प्रशासन द्वारा सख्त कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में तहसील सक्ती अंतर्गत प्रतीक्षा बस स्टैंड क्षेत्र में रेत के अवैध भंडारण के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्व निरीक्षक सक्ती के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें रेत का अवैध रूप से भंडारण पाया गया। नियमानुसार कार्यवाही करते हुए मौके से रेत की कुल 6 ढेरियों को जब्त किया गया। इस दौरान संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
इस कार्यवाही से क्षेत्र में अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। प्रशासन की इस सख्ती को अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर श्री तोपनो ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करें तथा अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्यवाही करें। साथ ही, आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी प्रशासन को तत्काल दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। कलेक्टर के नेतृत्व में जिले में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, जिससे खनिज नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके और अवैध कारोबार पर पूर्णतः रोक लगाई जा सके।

