कोरबा 11 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और नियम तोड़ने वालों पर लगाम कसने के लिए कटघोरा पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। रविवार को झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर भारी भीड़ के बीच पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाकर तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने वालों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
रविवार होने के कारण झोराघाट पिकनिक स्पॉट में बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान कई युवक तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते, बिना सायलेंसर शोर मचाते और तीन सवारी बैठाकर स्टंटबाजी करते दिखाई दिए। इससे आम लोगों और पिकनिक मनाने आए परिवारों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही थी।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कटघोरा पुलिस ने मौके पर सघन वाहन चेकिंग शुरू की। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से बाइक दौड़ाने, बिना सायलेंसर बाइक चलाने और तीन सवारी बैठाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इस दौरान कुल 23 बाइक चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। अचानक हुई इस सख्त कार्रवाई से फर्राटेबाज युवकों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक पुलिस को देखकर रास्ता बदलते नजर आए।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने साफ चेतावनी दी है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में झोराघाट समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों पर भी इसी तरह लगातार जांच अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते मिला तो वाहन मालिक और परिजनों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कटघोरा पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहा है। नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की नियमित जांच से दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।


