मौत या साजिश? विवाहिता का शव को 4 दिन बाद कब्र से निकाल कर दोबारा कराया गया पोस्टमार्टम


कोरबा 23 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भलपहरी में विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। घटना के चौथे दिन प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दफनाए गए शव को कब्र से बाहर निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया। इस घटनाक्रम के बाद पूरे इलाके में हड़कंप और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

प्रशासन की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग की टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा रहे। बताया जा रहा है कि शुरुआत में ससुराल पक्ष ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन पुलिस की समझाइश और सख्ती के बाद स्थिति नियंत्रित हुई।

मायके पक्ष ने लगाए हत्या और प्रताड़ना के आरोप

मृतका के मायके पक्ष ने पति सहित सास-ससुर पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की मां का कहना है कि उनकी बेटी को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी उसे फांसी लगाकर मारने की कोशिश की गई थी।

परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले पति कुछ लोगों को पंचायत प्रतिनिधि बताकर उनके घर पहुंचा था और समझाइश के नाम पर महिला को वापस अपने साथ ले गया। इसके बाद अचानक उसकी मौत की खबर आई।

शव पर चोट के निशान होने का दावा

मायके पक्ष का दावा है कि मौत के बाद महिला के शरीर पर चोट के निशान थे और नाक-मुंह से खून भी निकल रहा था। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने बिना पोस्टमार्टम कराए जल्दबाजी में शव को दफना दिया, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।

मृतका की बहन ने बताया कि कुछ दिन पहले तक वह पूरी तरह स्वस्थ थी और एक पारिवारिक शादी समारोह में डांस भी कर रही थी। ऐसे में अचानक हुई मौत को लेकर परिवार लगातार सवाल उठा रहा है।

पति ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं मृतका के पति ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद और गलत बताया है। उरगा थाना पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक टीम और चिकित्सकों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2