सक्ति में मुख्यमंत्री कन्याविवाह योजना के तहत 70 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न

 

सक्ती, 09 मई 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला सक्ती द्वारा मुख्यमंत्री कन्याविवाह योजना के अंतर्गत डभरा विकासखंड के ग्राम जवाली में 70 जोड़ों का सामूहिक विवाह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से प्रति जोड़ा 36 हजार रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में प्रदान की गई। साथ ही विभाग द्वारा वर-वधु को वैवाहिक वस्त्र, श्रृंगार सामग्री का बॉक्स एवं मंगलसूत्र भी भेंट किया गया। सामुदायिक सहयोग के तहत जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमल किशोर पटेल द्वारा 50 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा सरपंच संघ अध्यक्ष श्री संतोष अग्रवाल द्वारा बर्तन सामग्री नवदम्पत्तियों को प्रदान की गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुधाकर बोदले ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्याविवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं के विवाह में सहयोग प्रदान करना तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने नवदम्पत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2