आयुर्वेद सेवा के लिए नाड़ीवैद्य पं. शिव कुमार शर्मा सम्मानित, जमना फार्मास्यूटिकल्स भोपाल ने किया विशेष सम्मान

 

0 बिलासपुर में आयोजित वैद्य-चिकित्सक सम्मेलन में आयुर्वेद क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु मिला सम्मान

बिलासपुर/कोरबा 27 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। आयुर्वेद के माध्यम से आमजन की निरंतर सेवा एवं छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री शिव औषधालय के संस्थापक एवं कोरबा के सुप्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा को जमना फार्मास्यूटिकल्स भोपाल द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित द आनंदा इम्पीरियल होटल में आयोजित वितरक, वैद्य एवं चिकित्सक सम्मेलन के गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया।

समारोह में जमना फार्मास्यूटिकल्स भोपाल के डायरेक्टर वैद्य सुषेण माहेश्वरी, मार्केटिंग मैनेजर राजेश गुप्ता, डिप्टी मार्केटिंग मैनेजर अनिल ढोके एवं एसएसओ नेत्र नंदन साहू ने पंडित शिव कुमार शर्मा को शाल ओढ़ाकर, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वैद्य सुषेण माहेश्वरी ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा आमजन को गुणवत्तायुक्त एवं शुद्ध औषधियां उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता ही संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

स्थानीय वितरक श्रीराम मेडिकल एजेंसी के संचालक नरेंद्र शर्मा ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके प्रचार-प्रसार में सभी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। सम्मेलन में पंडित शिव कुमार शर्मा द्वारा छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद चिकित्सा सेवा, जनस्वास्थ्य जागरूकता एवं समर्पित योगदान की सराहना की गई।

इस अवसर पर प्रदेशभर के 150 से अधिक प्रतिष्ठित वैद्य, चिकित्सक, वितरक एवं जमना फार्मास्यूटिकल्स के विक्रय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डिप्टी मार्केटिंग मैनेजर अनिल ढोके ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन एसएसओ नेत्र नंदन साहू ने छत्तीसगढ़ी भाषा में किया। अंत में “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की सामूहिक प्रार्थना के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2