विद्युत व्यवस्था सुधारो वरना चक्का जाम: करतला ग्रामीणों का बिजली विभाग को अल्टीमेटम

 

कोरबा 26 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिला के ग्राम करतला में लगातार बनी हुई विद्युत समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने 28 मई, गुरुवार को कनिष्ठ अभियंता कार्यालय करतला का घेराव करने एवं कार्यालय के सामने स्थित स्टेट हाईवे उरगा-हाटी मेन रोड पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों द्वारा लगभग 150 से 200 लोगों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन कार्यपालन अभियंता सीएसपीडीसीएल कोरबा, कनिष्ठ अभियंता सीएसपीडीसीएल करतला, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी करतला को सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने और जर्जर विद्युत व्यवस्था के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ अस्पताल, व्यापारिक प्रतिष्ठान और शासकीय कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रमुख मांगों में खरमोरा 132 केवी से करतला 33 केवी तक नई एबी स्विच लगाने, करतला 33 केवी से निकलने वाली 11 केवी लाइनों में नया एबी स्विच लगाने, सब स्टेशन में नियमित विद्युतकर्मी की नियुक्ति, करतला 11 केवी को पृथक फीडर बनाने तथा तहसील चौक क्षेत्र में नया ट्रांसफार्मर और केबल विस्तार की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 28 मई को सुबह 11 बजे से कनिष्ठ अभियंता कार्यालय करतला का घेराव कर चक्का जाम किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर 2 जून 2026 को समाधान शिविर कोटमेर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है। अब वे आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं। प्रशासन और बिजली विभाग पर समस्या के त्वरित निराकरण का दबाव बढ़ गया है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2