कोरबा 26 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर भारतमाला ओवरब्रिज के नीचे तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई, जिससे मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने डायल 112 की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में बाइक सवार जितेंद्र कंवर की मौके पर मौत हो गई, जबकि मोनू सिंह और रोशन तिर्की गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है। मृतक और घायल तीनों कोरबा के इमलीडुग्गू बस्ती निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे अक्सर कोयला लोड ट्रेलरों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। कई बार भारी वाहन गलत दिशा में खड़े होने से यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि एक दिन पहले ही जाम और अव्यवस्था को लेकर खबर प्रकाशित हुई थी, बावजूद इसके जिम्मेदार विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

