कोरबा 27 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने आज नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित विभिन्न विभागों व शाखाओं का औचक निरीक्षण करते हुये वहाॅं की स्वच्छता व साफ-सफाई, नस्तियों, दस्तावेजों का व्यवस्थीकरण सुनिश्चित किये जाने के साथ-साथ विभिन्न विभागों व शाखाओं में आवश्कतानुसार फर्नीचर, कूलर आदि की व्यवस्था तथा विभिन्न कार्यो हेतु निगम कार्यालय पहुंचने वाले आमनागरिकों के बैठने की व्यवस्था भी विभागों व शाखाओं में किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। निरीक्षण के दौरान कार्य स्थल पर अनुपस्थित अधिकारी कर्मचारियों को शो-काज नोटिस दिये जाने के निर्देश भी दिये।
महापौर श्रीमती राजपूत ने आज निगम कार्यालय साकेत भवन स्थित विभिन्न विभागों, शाखाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया, उन्होने निर्माण शाखा, स्थापना शाखा, लेखा शाखा, राजस्व, योजना, भवन निर्माण, संपदा, सम्पत्तिकर शाखा, स्वच्छता शाखा, जलकर विभाग, स्टेशनरी शाखा, जन्म-मृत्यु पंजीयन विभाग, कैश शाखा, विधि विभाग, जनसंपर्क शाखा, स्टोर व उद्यान शाखा, विद्युत विभाग, डाटा सेंटर, परिषद शाखा सहित अपर आयुक्त कक्ष, उपायुक्त कक्ष, अधीक्षण अभियंता कक्ष सहित विभिन्न अधिकारियों के कक्षों का औचक निरीक्षण करते हुये वहाॅं की साफ-सफाई व स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का सघन रूप से निरीक्षण किया, इस दौरान महापौर श्रीमती राजपूत ने अधिकारी कर्मचारियों से कहा कि वे कार्य स्थल पर जिस स्थान में बैठकर अपना कार्य करते हैं, वहाॅं की स्वच्छता व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें, उन्होने कहा कि आप सब शहर की स्वच्छता व साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सभी व्यवस्थाओं को बनाये रखने के लिये काम कर रहे हैं, तो जिस स्थान पर बैठकर आप काम करते हैं, वहाॅं की स्वच्छता व साफ-सफाई भी आपकी उच्च प्राथमिकता होनी चाहिये। उन्होने कहा कि कार्यालय में नस्ती, दस्तावेजों का व्यवस्थित रूप से संधारण करें, इससे कार्य करने में आपको ही आसानी होगी तथा जरूरत के वक्त संबंधित नस्ती व दस्तावेज आप आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। विभिन्न शाखाओं व विभागों का निरीक्षण करते हुये महापौर श्रीमती राजपूत ने विभिन्न कक्षों में आवश्यक मरम्मत व सुधार कार्य किये जाने के साथ ही अधिकारी कर्मचारियों को कार्य हेतु उचित वातावरण उपलब्ध कराने के मद्देनजर आवश्यकतानुसार कूलर आदि की व्यवस्था किये जाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये, वे अनेक विभागों में फर्नीचर की आवश्यकता को देखते हुये महापौर श्रीमती राजपूत ने कुर्सी, टेबल व अन्य फर्नीचर की उचित व्यवस्था करने को कहा।
आमजन के बैठने की भी व्यवस्था - महापौर श्रीमती राजपूत ने अधिकारी कर्मचारियों का मार्गदर्शन करते हुये कहा कि आमनागरिकगण अपने विभिन्न कार्यो के संबंध में निगम कार्यालय साकेत भवन पहुंचते हैं, अतः निगम कार्यालय पहुंचने वाले नागरिकों को संबंधित विभागों व शाखाओं में बैठने के लिये व्यवस्था की जाए, नागरिकों से सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए तथा वे जिस कार्य या समस्या को लेकर आपके पास आयें हैं, उनका संतुष्टिपूर्ण समाधान भी सुनिश्चित किया जाए।


