कोरबा 08 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। एसईसीएल की गेवरा परियोजना के पूर्व महाप्रबंधक एवं हाल ही में निदेशक तकनीकी पद पर पदोन्नत हुए अरुण कुमार त्यागी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि चोटिया मार्ग पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार त्यागी हाल ही में पदोन्नति मिलने के बाद नई जिम्मेदारी संभालने के लिए सिंगरौली (मध्य प्रदेश) रवाना हुए थे। वे गुरुवार देर रात करीब 12 बजे गेवरा से अपनी कार से निकले थे। इसी दौरान चोटिया मार्ग पर उनकी कार की एक पार्सल वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन आज तड़के करीब 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अरुण कुमार त्यागी के निधन की खबर फैलते ही एसईसीएल अधिकारियों, कर्मचारियों और पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिस पदोन्नति को लेकर परिवार और सहकर्मियों में खुशी का माहौल था, वह अचानक मातम में बदल गया। इस दुखद हादसे से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

