सुशासन तिहार बना सहारा: दिव्यांग जोशिक रत्नाकर को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

 

सक्ती, 04 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में लोगों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों का तेजी से समाधान किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी सीधे लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में सुशासन तिहार 2026 के तहत शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मालखरौदा विकासखंड के ग्राम मालखरौदा में आज जिले का पहला जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में ग्राम किरकार के दिव्यांग श्री जोशिक रत्नाकर भी पहुंचे, जहां उनकी समस्या का तुरंत समाधान किया गया।

श्री रत्नाकर ने मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन दिया था। उनके आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समाज कल्याण विभाग द्वारा उन्हें मौके पर ही मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उन्हें ट्राईसाइकिल प्रदान की। श्री जोशिक रत्नाकर 85 प्रतिशत अस्थि बाधित हैं, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी कठिनाई होती है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने सुशासन तिहार में आवेदन किया था। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पहल उनके जीवन में नई उम्मीद लेकर आई है। अब उन्हें कहीं भी आने-जाने के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उनका समय भी बचेगा। ट्राईसाइकिल के माध्यम से वे अपनी जरूरत के अनुसार आसानी से आ-जा सकेंगे। श्री रत्नाकर ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार की वजह से उनकी समस्या का त्वरित समाधान संभव हो पाया।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2