KORBA: पसान में पटवारी का कथित रिश्वत लेते वीडियो वायरल, जांच की उठी मांग

 

कोरबा 28 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के पसान क्षेत्र से रिश्वतखोरी का एक कथित मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में हल्का नंबर 10 के पटवारी विनोद अग्रवाल रुपए लेते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता और लेन-देन रिश्वत का है या किसी अन्य कार्य से संबंधित, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों और आदिवासी किसानों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन पट्टा ऑनलाइन करने के नाम पर किसानों से 5 हजार रुपए तक और फौती नामांतरण के लिए 10 हजार रुपए तक की वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि बिना पैसे दिए राजस्व संबंधी कार्य नहीं किए जाते, जिससे गरीब और आदिवासी किसान लंबे समय से परेशान हैं।

बताया जा रहा है कि किसी ग्रामीण ने कथित लेन-देन का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में 500-500 रुपए के नोट लेते और उन्हें टेबल के नीचे गिनते हुए दिखाई देने के दावे किए जा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद राजस्व विभाग में हलचल तेज हो गई है और पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब राज्य सरकार “सुशासन तिहार” के माध्यम से पारदर्शी प्रशासन और भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था का दावा कर रही है। एक ओर लोग एंटी करप्शन ब्यूरो के जरिए रिश्वतखोरों के खिलाफ शिकायतें दर्ज करा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर लग रहे ऐसे आरोप शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। यह समाचार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और स्थानीय आरोपों पर आधारित है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2