कोरबा 11 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की करतला शाखा का एटीएम पिछले लगभग एक माह से बंद पड़ा है, जिससे क्षेत्र के खाताधारकों और बाहर से आने वाले ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एटीएम बंद होने से लोगों को नकदी निकालने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों और खाताधारकों का आरोप है कि जब भी शाखा प्रबंधक से एटीएम बंद रहने के संबंध में जानकारी ली जाती है, तो “एटीएम में पैसा नहीं होने” का हवाला देकर जवाब दे दिया जाता है। लगातार बनी इस समस्या से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गौरतलब है कि ब्लॉक मुख्यालय करतला सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोग दैनिक लेन-देन के लिए SBI बैंकिंग सेवाओं पर निर्भर हैं। लेकिन आए दिन एटीएम मशीन खराब रहना या उसमें कैश नहीं होना आम समस्या बन चुकी है। इससे बुजुर्ग, किसान, मजदूर और छात्र सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों ने प्रशासन और बैंक अधिकारियों से जल्द से जल्द एटीएम का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
खाताधारकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी, तो ग्रामीणों और बैंक ग्राहकों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी SBI प्रबंधन और शाखा मैनेजर की होगी।

