कोरबा 27 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चीतापाली में शुक्रवार रात पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने भयावह रूप ले लिया। आरोप है कि बंटवारे की मांग पूरी नहीं होने से नाराज छोटे बेटे ने अपनी मां की लाठी से हमला कर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए पिता पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पिता के पैर में फ्रैक्चर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान जानकुंवर यादव के रूप में हुई है। वह अपने पति श्यामलाल यादव और छोटे बेटे रामकुमार यादव के साथ गांव में रहती थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी काफी समय से जमीन-जायदाद के बंटवारे की मांग कर रहा था। शुक्रवार रात इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोपी ने अपनी सहारे वाली लाठी से मां के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने पिता पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। शनिवार सुबह सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामकुमार यादव को ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया। मामले में हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद पूरे ग्राम चीतापाली में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी का अपने माता-पिता से संपत्ति के विवाद को लेकर पहले भी कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

