सक्ती 26 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सक्ती थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान के घर में घुसकर उन पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से पूर्णिमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका पूर्णिमा चौहान पिछले चार वर्षों से पंजाब की स्वामिनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत थीं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक बाइक से उनके घर पहुंचे। एक आरोपी घर के भीतर जाकर पूर्णिमा के बारे में पूछताछ करने लगा। जैसे ही वह बाहर आईं, आरोपी ने उन पर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और सक्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल पूर्णिमा को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
जिला पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। फोरेंसिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घटना से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

