कोरबा 08 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। नगर निगम कोरबा द्वारा शहर के मध्य स्थित बुधवारी बाजार को "जीरो प्लास्टिक" और "वेडनेसडे मार्केट" के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से लाखों रुपये की लागत से बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया था। लेकिन बारिश का मौसम शुरू होते ही महज दो दिनों की वर्षा में ही बाउंड्री वॉल के नीचे की मिट्टी धंसने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चार महीने पहले तैयार हुई इस बाउंड्री वॉल के नीचे से मिट्टी का कटाव होना यह संकेत देता है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी मानकों का सही ढंग से पालन नहीं किया गया। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है—नगर निगम कोरबा की या संबंधित अधिकारियों की?
वहीं दूसरी ओर बुधवारी बाजार परिसर के अंदर और बाहर स्वच्छता व्यवस्था भी संतोषजनक नजर नहीं आ रही है। बारिश का मौसम शुरू होने के बावजूद अब तक नालियों की समुचित सफाई नहीं कराई गई है, जिससे जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी हुई है। इससे सब्जी व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बाउंड्री वॉल की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा बाजार क्षेत्र की नालियों की तत्काल सफाई कराकर स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

