कोरबा 6 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। भाजपा पार्षद दिलीप दाश (36 वर्ष), निवासी आदर्श नगर कुसमुंडा ने अपनी पत्नी सुष्मिता दाश और उसके कथित पुरुष मित्र राम साहू के खिलाफ थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले दिलीप दाश की पत्नी ने भी उनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद मामला और अधिक विवादित हो गया है।
दिलीप दाश ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी पिछले करीब दो वर्षों से उनके नाबालिग पुत्र को लेकर अलग रह रही है। बच्चे की कस्टडी से जुड़े मामले में 2 जुलाई 2026 को एसडीएम कोर्ट में सुनवाई थी। आरोप है कि दोपहर करीब एक बजे कोर्ट परिसर के बाहर उनकी पत्नी सुष्मिता दाश और उसके साथ मौजूद राम साहू ने उनका रास्ता रोक लिया।
शिकायत के अनुसार, दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और झूठे मामले में फंसाने की चेतावनी दी। दिलीप दाश का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान कोर्ट परिसर में कई लोग मौजूद थे, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को देखा और सुना।
आवेदन में दिलीप दाश ने यह भी आरोप लगाया है कि बच्चे की कस्टडी को लेकर चल रहे विवाद के बीच उनकी पत्नी के साथ मौजूद राम साहू का हस्तक्षेप लगातार विवाद का कारण बन रहा है। उन्होंने राम साहू को "आदतन अपराधी" बताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

