पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे थाना दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल कुमार सिंह के बीच कहासुनी हो गई। उस समय साथियों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया।
रिजॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद सभी युवक बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां तुषार ढांडा और उज्जवल सिंह के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में तुषार ढांडा अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और वाहन सीधे उज्जवल कुमार सिंह उम्र 36 वर्ष के ऊपर चढ़ा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद साथियों ने गंभीर रूप से घायल उज्जवल कुमार सिंह को तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में थाना उरगा पुलिस ने आरोपी तुषार ढांडा के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

