कोरबा 1 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बुधवार दोपहर छुरी क्षेत्र स्थित राज ज्वैलर्स में दिनदहाड़े हुई खूनी लूट की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते हुए दुकान संचालक को गंभीर रूप से घायल कर दिया और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीन बदमाश कथित तौर पर लड़की के भेष में दुकान पहुंचे। दुकान के भीतर प्रवेश करते ही उन्होंने संचालक पर मिर्च पाउडर फेंका और विरोध करने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में संचालक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी दुकान में रखे सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण समेटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल संचालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
दिनदहाड़े ज्वैलरी दुकान में हुई इस खूनी लूट ने जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।


