डायबिटीज के मरीजों के लिए अच्छी खबर, 14 नवंबर को कोरबा में लगेगा निःशुल्क जांच एवं उपचार शिविर

 

कोरबा 12 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में 14 नवंबर को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इंटरनेशनल लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट 3233 सी के डायबिटीज अवेयरनेस प्रोजेक्ट के तहत आयोजित इस शिविर में मधुमेह की निःशुल्क जांच के साथ विभिन्न रोगों के लिए आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

शिविर का आयोजन निहारिका रोड स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा मरीजों को अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

शिविर में मधुमेह के मरीजों की निःशुल्क रक्त शर्करा जांच की जाएगी। साथ ही उन्हें बीमारी के नियंत्रण, खानपान और बेहतर जीवनशैली के संबंध में परामर्श दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, शिविर में मधुमेह से संबंधित आयुर्वेदिक औषधि भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा मरीजों को उपयोगी योगाभ्यास एवं प्राणायाम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना ने बताया कि मधुमेह तेजी से बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों में शामिल है। इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित जांच, संतुलित आहार, शारीरिक सक्रियता और अनुशासित दिनचर्या बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से शिविर में मरीजों को दिनचर्या, ऋतुचर्या, खानपान और रहन-सहन से जुड़ी उपयोगी जानकारियां भी दी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि शिविर में अन्य साध्य, असाध्य एवं कष्टसाध्य रोगों से पीड़ित लोगों को भी आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

शिविर में पंजीयन एवं जांच का निर्धारित समय प्राप्त करने के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2