सामूहिक इस्तीफा देंगे 33 जिलों के 16 हजार NHM कर्मचारी! अब तक 7 जिलों के करीब 4800 कर्मचारियों ने सौंपा त्यागपत्र

 



छत्तीसगढ़,04 सितम्बर 2025(नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)/ छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के करीब 16,000 एनएचएम (NHM) कर्मियों ने सामूहिक इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। राजधानी रायपुर में ही 1,400 कर्मियों ने सामूहिक इस्तीफा सीएमएचओ को सौंपा। स्थिति को देखते हुए सीएमएचओ कार्यालय के बाहर कड़ी पुलिस सुरक्षा और बैरिकेडिंग की गई है।


प्रदेशभर में हड़ताल कर रहे एनएचएम कर्मचारियों के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए अब तक 25 अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इसी कार्रवाई से नाराज होकर हर जिले के कर्मचारी सामूहिक इस्तीफा दे रहे हैं।



बिलासपुर:

बिलासपुर जिले में 735 एनएचएम कर्मचारियों ने शुक्रवार को सामूहिक इस्तीफा दिया। सीएमएचओ कार्यालय पहुंचकर उन्होंने सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की कार्रवाई दमनकारी है और उनकी जायज मांगों को अनदेखा किया जा रहा है।



 जगदलपुर:

जगदलपुर में 887 कर्मचारियों ने इस्तीफा सौंपा। 18 अगस्त से प्रदेशभर के एनएचएम कर्मचारी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बर्खास्तगी आदेश से आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है।


 बलौदाबाजार:

बलौदाबाजार जिले के 421 एनएचएम कर्मचारियों ने भी सामूहिक इस्तीफा सौंपा। यहां 3 कर्मियों की बर्खास्तगी के बाद नाराजगी और बढ़ गई है।



 खैरागढ़:

खैरागढ़ में 180 कर्मचारी पिछले 18 दिनों से धरने पर बैठे हैं। गुरुवार को उन्होंने रैली निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया।


 बालोद:

बालोद जिले में 502 कर्मचारियों ने रैली निकालकर सीएमएचओ को सामूहिक इस्तीफा सौंपा। कर्मचारी लगातार धरना देकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठा रहे हैं।


 कांकेर:

कांकेर जिले के 655 एनएचएम कर्मियों ने भी बर्खास्तगी के विरोध में इस्तीफा दे दिया है।


कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाएगा, वे पीछे नहीं हटेंगे। हड़ताल के कारण प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो गई हैं।