रायपुर, 03 सितम्बर 2025(नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)/ जशपुर जिले के जुरुडांड, बगीचा में गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत और कई अन्य लोगों के घायल होने की घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के परिजनों और घायलों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि हादसे की पूरी जानकारी जिला प्रशासन से ली गई है। तीन लोगों की मौत और 22 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। घटना के तुरंत बाद एसपी और कलेक्टर मौके पर पहुंच गए थे। घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
वहीं, बस्तर में आई बाढ़ की स्थिति पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस बार 90 वर्षों का रिकॉर्ड टूटा है। हालात का जायजा लेने वे स्वयं बस्तर पहुंचे और वहां राहत कार्यों का निरीक्षण किया। शिविरों में सभी बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोग सरकार के प्रयासों से संतुष्ट हैं। बस्तर के अधिकारियों ने एक दिन का वेतन भी राहत कार्यों के लिए दान किया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस को जनता पहले ही नकार चुकी है, ऐसे में इस प्रकार की राजनीति करना उचित नहीं है। हमारी सरकार जनता के हित में सर्वोत्तम प्रयास कर रही है।