![]() |
छत्तीसगढ़ में शिक्षक दिवस पर राज्य स्तरीय सम्मान समारोह |
रायपुर, 05 सितम्बर 2025(शिक्षक सम्मान समारोह राजभवन रायपुर)। शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में गरिमामय समारोह आयोजित हुआ। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्ष 2024 के उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी।
समारोह में प्रदेश के 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने वर्ष 2025 के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नामों की भी घोषणा की।
मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का आधार है और शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में प्रेरणा के स्रोत होते हैं। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे ऐसा वातावरण बनाएं जिससे बच्चे स्कूल की ओर आकर्षित हों। राज्यपाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को शिक्षा क्षेत्र का "गेम चेंजर" बताते हुए मातृभाषा में शिक्षा पर विशेष जोर देने की बात कही।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं, जो समाज को राष्ट्रभक्त और जिम्मेदार नागरिक प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर चुका है और शिक्षा सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षा को सुलभ बनाने के लिए प्राथमिक से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और महाविद्यालयों का नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लागू होने से आने वाले समय में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और सशक्त होगी।
समारोह में चार शिक्षकों को विशेष स्मृति पुरस्कार प्रदान किए गए। सूरजपुर के अजय कुमार चतुर्वेदी को डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार, कबीरधाम के रमेश कुमार चंद्रवंशी को श्री गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ की सुनीता यादव को डॉ. मुकुटधर पांडेय स्मृति पुरस्कार और रायगढ़ के भोजराम पटेल को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार मिला। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों के कुल 64 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।