० 16 सितम्बर को कोरबा में मशाल यात्रा, जिसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी व पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट एवं बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता होंगे शामिल
कोरबा,08 सितम्बर (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया में हेरफेर के आरोपों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा मंगलवार, 9 सितम्बर 2025 को सुबह 11.30 बजे बिलासपुर के मुंगेली नाका स्थित स्वीमिंग पुल के पास “वोटर अधिकार यात्रा महासभा” का आयोजन कर रही है।
इस महासभा की तैयारी और कोरबा जिला कांग्रेस की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक हुई।
चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल:
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्थु लाल यादव ने की। उन्होंने कहा कि हालिया लोकसभा और विधानसभा चुनावों में चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध रही है तथा वोटों की हेराफेरी के प्रमाण सामने आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कोरबा शहर कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आज सुबह 9 बजे बिलासपुर रवाना होकर महासभा में शामिल होंगे।
16 सितम्बर को कोरबा में मशाल यात्रा:
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल ने बताया कि आगामी 16 सितम्बर को कोरबा में विशाल मशाल यात्रा निकाली जाएगी।
इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री, एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट मुख्य अतिथि होंगे। यात्रा का नेतृत्व पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल करेंगे।
इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता, नेता प्रतिपक्ष, सांसद, विधायक एवं पूर्व विधायक शामिल होंगे।
बस्तर आपदा पीड़ितों के लिए सहयोग:
बैठक में पूर्व महापौर राजकिशोर ने बस्तर में भारी बारिश से आई आपदा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से सहयोग राशि एकत्र कर बस्तर भेजी जाएगी।
इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से सहयोग राशि प्रदान की और 17 सितम्बर तक टीपी नगर कांग्रेस कार्यालय में नाम-पता दर्ज कर सहयोग देने की अपील की गई।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे उपस्थित:
बैठक में प्रदेश सचिव बी.एन. सिंह, विकास सिंह, सांसद प्रतिनिधि सुरेश सहगल, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, सेवादल प्रमुख प्रदीप पुरायणे, एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष नारायण कुर्रे, पूर्व सभापति धुरपाल सिंह कंवर, उपाध्यक्ष राजेन्द्र ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।