कोरबा, 08 सितम्बर (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। वेदांता समूह की भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में ओणम उत्सव बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बालको अयप्पा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ, जिसमें कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाज़ों के अनुसार पूजा-अर्चना कर कंपनी की प्रगति और कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूरे परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया। फूलों से बनी रंग-बिरंगी पारंपरिक रंगोलियों (पुक्कलम) ने मंदिर की शोभा बढ़ा दी। पूजा उपरांत भक्ति संगीत और स्तुति के मधुर स्वर ने वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम में बालको टाउनशिप के कर्मचारियों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई परिवारों ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर उत्सव की सांस्कृतिक गरिमा को और बढ़ाया। ओणम साद्या (पारंपरिक भोज) की सुगंध और सामूहिक आनंद ने इस पर्व को विशेष और यादगार बना दिया।
कंपनी के जीईटी हॉस्टल में भी ओणम पर्व के अवसर पर विशेष भोज का आयोजन हुआ। 1989 से बालको अयप्पा मंदिर में हर वर्ष ओणम उत्सव का आयोजन हो रहा है, जो कंपनी की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति गहरी आस्था को दर्शाता है। बालको केवल औद्योगिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक मूल्यों को भी पूरे मनोयोग से संजोए हुए है।