जगदलपुर में मंत्री केदार कश्यप पर लगे दुर्व्यवहार के आरोप, कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन


 


रायपुर, 07 सितम्बर 2025। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप पर जगदलपुर सर्किट हाउस में चतुर्थ वर्ग कर्मचारी से मारपीट और गाली-गलौज के आरोप लगने के बाद कांग्रेस पार्टी आक्रामक हो गई है। रविवार को शहर और ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम मुख्यालय के सामने पुतला दहन कर जमकर विरोध जताया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग उठाई।


 "जनभावनाओं का अपमान", कांग्रेस का आरोप


शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि मंत्री का यह अमर्यादित व्यवहार न केवल एक कर्मचारी का अपमान है, बल्कि यह लोकतंत्र और जनता की भावनाओं का भी अपमान है। दुबे ने कहा कि ऐसे मंत्री को पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।


 “प्रदेशभर में आंदोलन तेज होगा” – कांग्रेस


पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा नेताओं का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तो प्रदेशभर में आंदोलन और भी तेज किया जाएगा।


 मुख्यमंत्री ने किया बचाव


वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्री केदार कश्यप का बचाव करते हुए कहा कि यह कांग्रेस की दुष्प्रचार की रणनीति है। उन्होंने कहा, “मेरी केदार कश्यप से बात हुई है। ऐसा कोई मामला नहीं है जैसा कांग्रेस फैला रही है। चुनावी हार के बाद कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम कर रही है।”