NHM कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों पर अडिग आंदोलन, कोरिया में मौन रैली से जताया विरोध

 




कोरिया, 08 सितम्बर (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)।छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के 16,000 से अधिक कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। लंबे समय से जारी इस आंदोलन से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं।


स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी और बर्खास्तगी की कार्रवाई से नाराज कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफे भी सौंप दिए हैं। बावजूद इसके उनका आंदोलन जारी है।


आज कोरिया जिले में NHM कर्मचारियों ने एक मौन रैली का आयोजन किया। प्रेमाबाग से शुरू हुई यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए PWD रेस्ट हाउस तक पहुंची, जहां स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मौजूद थे। प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा और बैनर लेकर शांतिपूर्वक रैली में शामिल हुए और मंत्री से सीधी मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं।


कर्मचारियों ने कहा कि उचित वेतन वृद्धि, स्थायी नियुक्ति और बेहतर कार्य परिस्थितियां उनका हक हैं। उन्होंने मांग की कि उनकी नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।


स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कर्मचारियों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द निकाला जाएगा। उन्होंने कहा, “दो से तीन महीने का समय लगेगा, लेकिन समाधान सामने आएगा। एक स्टेट लेवल कमेटी बनाई जाएगी, जिसके सुझावों के आधार पर काम होगा। आपसी सहमति से आगे की कार्यवाही होगी।”



कर्मचारियों की प्रमुख 10 सूत्रीय मांगें:


1. संविलियन और नौकरी की सुरक्षा


2. पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना


3. ग्रेड पे निर्धारण


4. कार्यमूल्यांकन पद्धति में सुधार


5. लंबित 27% वेतन वृद्धि


6. नियमित भर्ती में सीटों का आरक्षण


7. अनुकंपा नियुक्ति


8. मेडिकल व अन्य अवकाश की सुविधा


9. स्थानांतरण नीति


10. न्यूनतम 10 लाख का चिकित्सा बीमा