छत्तीसगढ़ में NHM कर्मियों की हड़ताल पर बड़ा एक्शन, 25 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त

 


छत्तीसगढ़ में NHM कर्मियों की हड़ताल पर बड़ा एक्शन, 25 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त




रायपुर, 04 सितम्बर2025(नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ)। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अधिकारियों और कर्मचारियों की 18 अगस्त से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाया है। हड़ताल पर डटे 25 अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। विभाग ने बुधवार देर शाम इस संबंध में आदेश जारी किए।

सरकार का स्पष्ट संदेश

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि हड़ताल से अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं और मरीजों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों को कई बार नोटिस जारी कर काम पर लौटने का निर्देश दिया गया, लेकिन उन्होंने आदेशों का पालन नहीं किया।
29 अगस्त को स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने चेतावनी दी थी कि आदेश का पालन न करने की स्थिति में कर्मचारियों को सेवा से हटाया जा सकता है। विभाग का कहना है कि जनहित के कार्यों में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

NHM कर्मचारियों की 10 प्रमुख मांगों में संविलियन और स्थायीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं में स्थायित्व के लिए अलग कैडर, समान काम के लिए समान वेतन, लंबित वेतन वृद्धि लागू करना, भर्ती में 50% सीटों पर आरक्षण, कैशलेस स्वास्थ्य बीमा और पारदर्शी ट्रांसफर नीति जैसी मांगें शामिल हैं।