कोरबा 31 जनवरी 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित लाटा बस्ती में ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। महिला ने इस जघन्य वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन उसके मासूम बच्चों की गवाही ने पूरी साजिश को बेनकाब कर दिया।
प्रेमी के लिए पति बना रोड़ा, जहर देकर की हत्या
जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला का रायगढ़ निवासी एक युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध था। पति इस रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था। इसी बाधा को हटाने के लिए महिला ने खौफनाक कदम उठाया। उसने अपने पति को जहर खिला दिया। जब उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो खुद को निर्दोष साबित करने के लिए उसे अस्पताल भी ले गई। पति की मौत के बाद महिला ऐसे रो-रोकर विलाप करती रही, मानो उस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा हो।
मासूम बच्चों की जुबानी उजागर हुई ‘काली सच्चाई’
महिला को लगा कि आत्महत्या की कहानी गढ़कर वह कानून की पकड़ से बाहर निकल जाएगी, लेकिन वह यह भूल गई कि घर में मौजूद बच्चे सब कुछ देख चुके थे। पुलिस जांच के दौरान बच्चों ने फूट-फूटकर रोते हुए बताया कि उनके पिता को जहर उनकी मां ने ही दिया था। बच्चों के इस बयान ने पूरे मामले की दिशा ही बदल दी।
अस्पताल से गिरफ्तार हुई आरोपी, प्रेमी की तलाश जारी
बच्चों के खुलासे के बाद दर्री पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को अस्पताल परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में शामिल रायगढ़ निवासी प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। लोग हैरान हैं कि एक मां कैसे अपने ही बच्चों के भविष्य को अंधेरे में धकेल सकती है।

