कोरबा 04 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर उसका गला रेत दिया और इसके बाद खुद भी आत्महत्या का प्रयास करते हुए अपना गला काट लिया। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना सन्डैल नाला के पास पुल के नीचे हुई। घायल अवस्था में पड़ी युवती ने हिम्मत दिखाते हुए डायल 112 पर कॉल किया और अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी तथा लोकेशन भेजी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घायल युवती बिलासपुर की रहने वाली है, वहीं मृत युवक की पहचान शुभम नायडू के रूप में हुई है, जो बिलासपुर का निवासी और शादीशुदा बताया जा रहा है। जानकारी मिली है कि दोनों कल रात से लापता थे और बिलासपुर से कोरबा पहुंचे थे, जिसके बाद यह घटना सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। पुलिस ने मृतक युवक के परिजनों को सूचना दे दी है और उनके पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवती के परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना पहले ही पुलिस को दे दी थी और उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

