सक्ती, 31 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जिले में सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस संबंध में कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी अमृत विकास तोपनो तथा जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर के. एस. पैकरा ने जिले के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 देश का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं नीति निर्माण का आधार बनेंगे। प्रथम चरण के दौरान प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकानों एवं परिवारों से संबंधित जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से संकलित की गई है।
कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना कार्य शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। नागरिकों के सहयोग से प्रत्येक क्षेत्र को पूर्ण रूप से कवर किया गया तथा यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी मकान या परिवार गणना से वंचित न रहे।
जिला जनगणना अधिकारी श्री पैकरा ने बताया कि जनगणना के दौरान नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारियां जनगणना अधिनियम, 1948 एवं जनगणना नियमावली, 1990 के प्रावधानों के अनुसार पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी। इन आंकड़ों का उपयोग केवल सांख्यिकीय विश्लेषण, नीति निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि जनगणना 2027 का द्वितीय चरण जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन को विश्वास है कि जिलेवासियों का सहयोग आगामी चरण में भी इसी प्रकार प्राप्त होगा।
अंत में कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को सफलतापूर्वक दायित्व निर्वहन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

