बेमेतरा 31 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए और नवविवाहित वर-वधुओं को शुभाशीष प्रदान कर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। यह आयोजन सामाजिक समानता, सादगी और सामूहिक सहयोग की भावना को सशक्त करने वाला प्रेरणादायी अवसर रहा।
👉 उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने संभाली सारथी की भूमिका
समारोह की विशेष आकर्षण बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू का विवाह रहा, जिन्होंने पारंपरिक बैलगाड़ी में बारात निकालकर लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव स्वयं बैलगाड़ी के सारथी बने। यह दृश्य न केवल उपस्थित जनसमूह के लिए आकर्षण का केंद्र बना, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सादगी और सामाजिक जुड़ाव का भी अद्भुत प्रतीक बनकर सामने आया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज में समानता, सहयोग और सकारात्मक मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय और समृद्ध जीवन की कामना की।
विधायक श्री दीपेश साहू का पारंपरिक तरीके से विवाह संपन्न करना समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश है। सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों से जुड़े रहना समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करता है।
यह सामूहिक विवाह समारोह केवल नवदंपतियों के नए जीवन की शुरुआत नहीं, बल्कि समाज में सादगी, एकता, समरसता और संस्कारों के संरक्षण का सुंदर उदाहरण भी बना। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।



