रायपुर 26 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। भारतीय जनता पार्टी के बिलासपुर में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष एवं प्रशिक्षण प्रभारी रूपनारायण सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ने से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द और बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशिक्षण शिविर में मौजूद वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली तथा गहरा दुख व्यक्त किया।
रूपनारायण सिन्हा छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष थे और उन्हें राज्य सरकार द्वारा कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। संगठनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
बिलासपुर में आयोजित इस प्रशिक्षण महाअभियान में प्रदेशभर से भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इस दुखद घटना के बाद कार्यक्रम स्थल का माहौल शोकमय हो गया।

