KORBA: एसईसीएल बलगी सबस्टेशन केबल लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, अपचारी बालक भी निरुद्ध

 


0 बांकीमोंगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त, फरार आरोपियों की तलाश जारी

कोरबा 26 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में हुई केबल लूट और चोरी की गंभीर वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अपचारी बालक को निरुद्ध किया गया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है। वहीं मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को प्रार्थी संजय कुमार लहरे की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 23 मई की देर रात कुछ बदमाश एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में जबरन घुस आए और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच, मारपीट व धमकी देते हुए पाइप, एंगल और करीब 100 मीटर केबल लूटकर फरार हो गए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बांकीमोंगरा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य, गवाहों के बयान और मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर एक आरोपी अर्जुन सिंह तथा एक अपचारी बालक को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BS 7092 जब्त की गई है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि लूटा गया केबल फरार आरोपी दीपक केंवट उर्फ अंक के पास है। पुलिस उसकी और उसके एक अन्य साथी की तलाश में जुटी हुई है।

बांकीमोंगरा पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी और अपचारी बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2