कोरबा 28 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। भाजपा नेता एवं बालको मंडल के पूर्व अध्यक्ष पर हुए जानलेवा हमले के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पूर्व जनपद उपाध्यक्ष एवं वर्तमान जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली के सीतामणी स्थित कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता पर हुए हमले की जांच के दौरान रज्जाक अली का नाम सामने आने के बाद प्रशासन ने उनके निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। प्रशासन का दावा है कि जांच में निर्माण नियमों के विपरीत पाया गया, जिसके बाद वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
इस कार्रवाई के बाद कोरबा के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में नियमों के अनुरूप कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


