KORBA: मजदूरों से भरी पिकअप पेड़ से टकरा कर पलटी,12 से अधिक घायल, 3 महिलाओं की हालत गंभीर

 

कोरबा, 05 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में गुरुवार सुबह मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे में 12 से अधिक मजदूर घायल हो गए, जिनमें तीन महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजगामार क्षेत्र के दरगा गांव के मजदूर प्रतिदिन की तरह पिकअप वाहन से गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री काम पर जा रहे थे। बनखेता गांव के पास तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद पिकअप सड़क किनारे पलटते हुए पेड़ से जा टकराई।

हादसे के समय वाहन में 12 से अधिक मजदूर सवार थे। दुर्घटना के बाद कुछ मजदूर वाहन के नीचे दब गए, जिन्हें राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल सविता ने बताया, "हम रोज की तरह गांव से मजदूरी के लिए पिकअप में जा रहे थे। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और पेड़ से टकरा गया।"

तीन महिलाओं की हालत गंभीर

दुर्घटना में दरगा निवासी उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों का हालचाल लिया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कमर्शियल वाहनों में मजदूरों की आवाजाही बनी चिंता

स्थानीय लोगों के अनुसार, गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में मजदूर कार्य करते हैं। उन्हें लाने-ले जाने के लिए ठेकेदार अक्सर पिकअप जैसे कमर्शियल वाहनों का उपयोग करते हैं। ग्रामीणों ने ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि समय-समय पर लोगों को कमर्शियल मालवाहक वाहनों का उपयोग सवारी ढोने के लिए नहीं करने की समझाइश दी जाती है। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में शादी-ब्याह और मजदूरी के लिए आने-जाने में ऐसे वाहनों का व्यापक उपयोग किया जाता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2