कोरबा 30 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित हसदेव डेम में सोमवार को एक युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान नंदिनी मेहर (30 वर्ष), पिता नरेश मेहर, निवासी नीलगिरी सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नंदिनी एक ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण लेने जाती थी। सोमवार सुबह परिजनों ने उसे घर पर नहीं पाया। इसी बीच स्थानीय लोगों से हसदेव नदी में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

